झरिया (धनबाद) : लोदना ओपी पुलिस स्टेशन परिसर में राम नवमी और ईद को लेकर शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में दोनों समुदायों के लोगों ने त्योहारों को आपसी भाईचारे और शांतिपूर्ण माहौल में मनाने का संकल्प लिया।बैठक में निर्णय लिया गया कि रामनवमी के दौरान डीजे बजाने पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। इसके अलावा पर्व के दौरान शराब बिक्री पर रोक सहित कई महत्वपूर्ण बिंदुओं पर चर्चा की गई।बैठक को संबोधित करते हुए ओपी प्रभारी गौरव कुमार ने कहा कि सभी लोग सरकारी गाइडलाइन का पालन करते हुए त्योहार मनाएं। उन्होंने स्पष्ट किया कि रामनवमी के जुलूस पूर्व निर्धारित पारंपरिक रूट से ही निकाले जाएंगे।उन्होंने लोगों से अपील की कि किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें और सोशल मीडिया पर कोई भी खबर पोस्ट करने से पहले उसकी सत्यता की जांच अवश्य करें।प्रभारी ने बताया कि पूरे क्षेत्र में पुलिस मुस्तैद रहेगी और जुलूस की निगरानी सीसीटीवी कैमरों से की जाएगी। साथ ही अखाड़ा कमेटियों से अपील की गई कि जुलूस के दौरान किसी भी प्रकार की भड़काऊ नारेबाजी न करें, जिससे किसी की भावनाएं आहत न हों।उन्होंने कहा कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें, प्रशासन हर स्थिति पर नजर बनाए हुए है।बैठक में निर्मला पासवान, शिव पासवान, मुद्रिका पासवान, नागेश्वर मास्टर, जॉनी पासवान, नौशाद अंसारी , प्रजा पासवान, बिरजू चौधरी, सुरेंद्र पासवान, प्रदीप पासवान, राजू झा सहित अखाड़ा कमेटी के सदस्य मौजूद रहे।