दुमका: होली पर्व 2026 को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से उपायुक्त अभिजीत सिन्हा की अध्यक्षता में जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में पुलिस अधीक्षक, उप विकास आयुक्त, सहायक समाहर्ता, अपर समाहर्ता, अनुमंडल पदाधिकारी, जिला परिवहन पदाधिकारी, सभी अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, जिला स्तरीय पदाधिकारी, अंचलाधिकारी, थाना प्रभारी, विभिन्न विभागों के अधिकारी, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि तथा शांति समिति के सदस्य उपस्थित थे।बैठक में विधि-व्यवस्था बनाए रखने को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। संवेदनशील एवं अतिसंवेदनशील क्षेत्रों की पहचान कर वहां विशेष दंडाधिकारियों एवं पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति करने का निर्णय लिया गया। उपायुक्त ने नगर निकायों को साफ-सफाई, पेयजल आपूर्ति एवं प्रकाश व्यवस्था दुरुस्त रखने का निर्देश दिया। अग्निशमन विभाग को भी सतर्क रहने को कहा गया, ताकि किसी आकस्मिक घटना की स्थिति में त्वरित कार्रवाई की जा सके।उपायुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिया कि पर्व के दौरान किसी भी प्रकार की अफवाहों पर तत्काल नियंत्रण रखा जाए तथा सोशल मीडिया पर भ्रामक संदेश फैलाने वालों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि होली रंगों का त्योहार है, जो भाईचारे, प्रेम और सद्भाव का संदेश देता है, इसलिए सभी समुदाय समन्वय के साथ पर्व मनाएं।स्वास्थ्य विभाग को अस्पतालों में आवश्यक दवाओं एवं चिकित्सकों की उपलब्धता सुनिश्चित करने, एंबुलेंस सेवाओं को अलर्ट मोड में रखने तथा आपातकालीन सेवाओं की विशेष व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए। विद्युत विभाग को निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने और तकनीकी खराबी को तत्काल दूर करने का निर्देश दिया गया।बैठक में शांति समिति के सदस्यों ने भी अपने सुझाव दिए और लोगों से प्राकृतिक एवं सुरक्षित रंगों के प्रयोग तथा किसी पर जबरन रंग न डालने की अपील की।पुलिस अधीक्षक पीताम्बर सिंह खेरवार ने बताया कि सभी थाना क्षेत्रों में भी शांति समिति की बैठक की जाएगी और असामाजिक तत्वों पर विशेष नजर रखी जाएगी। हुड़दंग की घटनाओं को रोकने के लिए सघन छापेमारी अभियान चलाया जाएगा। डीजे एवं ध्वनि विस्तारक यंत्रों के उपयोग को लेकर निर्धारित मानकों का पालन सुनिश्चित कराया जाएगा, ताकि आमजन को असुविधा न हो।प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल सूचना दें और अफवाहों पर ध्यान न दें, ताकि होली 2026 शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हो सके।