समाहरणालय सभागार में सोमवार को उपायुक्त रामनिवास यादव की अध्यक्षता में मनरेगा, पीएम आवास, अबुआ आवास योजना, बिरसा हरित ग्राम योजना सहित विभिन्न विकासात्मक योजनाओं की विस्तृत समीक्षा बैठक आयोजित हुई। उपायुक्त ने बैठक के दौरान स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि “सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का समयबद्ध लक्ष्य, पारदर्शी कार्यान्वयन और उचित निगरानी अनिवार्य है। सभी आवास योजनाओं को तय समयसीमा में पूरा किया जाए, इसमें किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।”मनरेगा योजना की समीक्षा के क्रम में उपायुक्त ने उन सभी योजनाओं को, जो वर्षों से लंबित हैं, अविलंब पूर्ण कराने, मानव दिवस सृजन में प्रगति लाने, शत-प्रतिशत जियो-टैगिंग सुनिश्चित करने तथा पोटो हो खेल मैदान सहित सभी योजनाओं को पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से पूर्ण करने का कड़ा निर्देश दिया।