रांची : रांची यूनिवर्सिटी के यूथ फेस्टिवल “रुनू – झुनू” 2025-26 में स्नातकोत्तर नागपुरी विभाग के छात्रों ने लोक नृत्य प्रतियोगिता के तहत ‘कढ़सा नृत्य’ में प्रथम स्थान प्राप्त कर गोल्ड मेडल हासिल किया. मौके पर नृत्य दल के सभी प्रतियोगियों को रांची विश्वविद्यालय, रांची के कुलपति प्रो धर्मेन्द्र कुमार सिंह और डीएसडब्ल्यू प्रो सुदेश कुमार साहू ने गोल्ड मेडल व प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया. बता दें कि स्नातकोत्तर नागपुरी विभाग के छात्र-छात्राओं ने कढ़सा नृत्य की शानदार प्रस्तुति से लोगों का मन मोह लिया. इस बेहतरीन प्रदर्शन पर टीम मैनेजर डॉ बीरेन्द्र कुमार महतो और डॉ रीझू नायक ने संयुक्त रूप से कहा कि यह तो आगाज है अंजाम अभी बाकी है. उन्होंने कहा कि हमारे छात्रों की उपलब्धि ने यह साबित कर दिया कि लगन और अनुशासन से हर मंच जीता जा सकता है.मौके पर नागपुरी विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ उमेश नन्द तिवारी ने कहा कि हमारे विभाग के लिए यह अत्यंत गर्व का क्षण है कि लोक नृत्य प्रतियोगिता में आपने गोल्ड हासिल किया. उन्होंने कहा कि विभाग के छात्रों की मेहनत, समर्पण और सांस्कृतिक जुड़ाव ने न केवल संस्था का नाम रोशन किया है, बल्कि हमारी लोक कला की प्रतिष्ठा भी बढ़ाई है.छात्रों के इस बेहतरीन प्रदर्शन व उपलब्धि पर पूरे संकाय में खुशी की लहर है. विजयी लोक नृत्य दल में सरस्वती कुमारी, आरती लिंडा, काजल कुमारी, संगीता कुमारी, कल्पना उरांव, प्रीति लकड़ा, गुड़िया कुजूर, रजनी कुमारी, सुनीता बांडो, उषा कुमारी एवं ढांक, नगाड़ा, झांझ व शहनाई पर क्रमशः सुनील कुमार महतो, सोनू सपवार, बबलू उरांव, आशीष महतो मुख्य थे.