धनबाद नगर निकाय चुनाव में चुनाव चिन्ह आवंटन के बाद पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट हो गया है। एसएसपी प्रभात कुमार ने स्पष्ट किया है कि चुनाव के दौरान सोशल मीडिया पर 24×7 निगरानी रहेगी। हेट स्पीच, अफवाह, भड़काऊ पोस्ट या फर्जी वीडियो फैलाने वालों पर सीधे मुकदमा दर्ज होगा। बिना अनुमति जुलूस, नियम उल्लंघन और आपत्तिजनक पोस्ट करने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। व्हाट्सऐप ग्रुप एडमिन भी जिम्मेदार होंगे। आम नागरिकों से निर्भीक होकर मतदान करने और किसी भी शिकायत की सूचना कंट्रोल रूम नंबर 8210840901 पर देने की अपील की गई है।
धनबाद पुलिस ने दोहराया है कि डिजिटल प्लेटफॉर्म पर फैलने वाली अफवाहें कानून-व्यवस्था के लिए गंभीर खतरा बन सकती हैं, इसलिए ऑनलाइन गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है।
एसएसपी श्री प्रभात कुमार ने बताया कि संवेदनशील और अतिसंवेदनशील क्षेत्रों की पहचान कर ली गई है। वहां अतिरिक्त पुलिस बल, सशस्त्र बल एवं दंडाधिकारी की तैनाती की जाएगी। साथ ही प्रमुख चौक-चौराहों, बाजारों और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर लगातार गश्ती बढ़ा दी गई है।
प्रत्याशियों और वोटरों से अपील की गई कि यदि उन्हें किसी प्रकार की धमकी, दबाव, लालच, अवैध वसूली या चुनाव प्रभावित करने की कोशिश की कोई भी जानकारी मिले तो वे तुरंत स्थानीय थाना या पुलिस कंट्रोल रूम को सूचित करें। शिकायत मिलने पर त्वरित कार्रवाई की जाएगी।
एसएसपी महोदय ने आम नागरिकों से भी शांति बनाए रखने, अफवाहों पर ध्यान न देने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना पुलिस को देने की अपील की है। उन्होंने कहा कि नागरिकों का सहयोग ही शांतिपूर्ण चुनाव की सबसे बड़ी गारंटी है।
एसएसपी श्री प्रभात कुमार ने भरोसा दिलाया है कि पूरे चुनाव के दौरान सुरक्षा व्यवस्था चौकस रहेगी और कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे।