दुमका : लोकसभा क्षेत्र के सांसद नलिन सोरेन को भारत–फिलीपींस संसदीय मैत्री समूह (India–Philippines Parliamentary Friendship Group) का सदस्य नियुक्त किया गया है। यह उपलब्धि न केवल उनके व्यक्तिगत राजनीतिक सफर के लिए महत्वपूर्ण है, बल्कि पूरे दुमका लोकसभा क्षेत्र और संथाल परगना के लिए गर्व का विषय बन गई है।इस महत्वपूर्ण जिम्मेदारी पर प्रतिक्रिया देते हुए सांसद नलिन सोरेन ने कहा कि यह उनके लिए सम्मान के साथ-साथ एक बड़ी जिम्मेदारी भी है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि वे इस दायित्व को पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ निभाने का प्रयास करेंगे।उन्होंने आगे कहा कि वे हमेशा से झारखंड, संथाल परगना और आम जनता की आवाज को राष्ट्रीय ही नहीं, बल्कि अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भी मजबूती से उठाते रहे हैं। अब इस नई भूमिका के माध्यम से उन्हें भारत और फिलीपींस के बीच संबंधों को और मजबूत करने का अवसर मिलेगा।सांसद सोरेन ने विश्वास जताया कि वे दोनों देशों के बीच सहयोग और संवाद को नई दिशा देंगे। साथ ही उन्होंने क्षेत्र की जनता का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें जो प्यार, विश्वास और समर्थन मिला है, वही उनकी सबसे बड़ी ताकत है।उन्होंने कहा कि जनता के इसी भरोसे के बल पर वे आगे भी जनसेवा के अपने दायित्वों का पूरी ईमानदारी से निर्वहन करते रहेंगे।