धनबाद : बिजली विभाग द्वारा बिना पूर्व सूचना घरों की बिजली काटने और स्मार्ट मीटर के कारण उपभोक्ताओं को बढ़े हुए बिल दिए जाने पर झारखंड विधानसभा के सचेतक और धनबाद विधायक राज सिन्हा ने गंभीर चेतावनी दी है। उन्होंने जेबीवीएनएल के महाप्रबंधक अशोक कुमार से मुलाकात कर कहा कि इस तरह की कार्रवाई आम जनता, विशेषकर मध्यम और निम्न वर्गीय परिवारों के लिए अनावश्यक कठिनाइयों का कारण बन रही है, जिसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।विधायक ने बिजली विभाग से तत्काल सभी की बिजली बहाल करने, बिलों का भुगतान किश्तों में करने की सुविधा देने, स्मार्ट मीटर की जानकारी व्यापक स्तर पर साझा करने और सबडिवीजन स्तर पर हेल्प डेस्क स्थापित करने जैसे सुझाव दिए। महाप्रबंधक ने इन सभी सुझावों को स्वीकार करते हुए संबंधित अधिकारियों को तुरंत कार्रवाई करने का निर्देश दिया।राज सिन्हा ने कहा कि जनता की सुविधा और उनके अधिकारों की रक्षा सर्वोपरि है और इसके लिए वे निरंतर प्रयासरत रहेंगे। इस बैठक में कई स्थानीय नेता और अधिकारी भी उपस्थित थे।