धनबाद के श्रीश्री लक्ष्मीनारायण महिला महाविद्यालय ट्रस्ट (एसएसएलएनटी) में हो रहे लॉ (एलएलबी/बीए एलएलबी) के अंतिम सेमेस्टर परीक्षा के अंतिम दिन लॉ के छात्रों की एक टोली ने एसएसएलएनटी में व्याप्त कुव्यवस्था और शिक्षकों द्वारा छात्रों के साथ दुर्व्यवहार करने का आरोप लगा महिला महाविद्यालय के मुख्य गेट पर जमकर हंगामा किया। हंगामा कर रहे लॉ के छात्र रंजीत कुमार और छात्रा सुनिधि शर्मा ने बताया कि परीक्षा के दौरान न तो परीक्षा हॉल में न तो उचित रैशनी की व्यवस्था थी और न ही शौचालय की। एक गंदी और बदबूदार शौचालय उपलब्ध कराई गई थी, जिसमें परीक्षा दे रहे छात्र और छत्राएं दोनों को जाना पड़ रहा था। उन्होंने बताया कि परीक्षा केंद्र पर आने वाले छात्रों के बैग और मोबाइल फोन को कॉलेज के रूम में रखा गया था, जिसे कॉलेज के प्रिंसिपल के आदेश पर बाहर फेंकवा दिया गया, जिससे कई छात्रों के मोबाइल फोन क्षतिग्रस्त हो गया है।वहीं, हंगामा की सूचना पर मौके पर पहुंची सदर थाना की पुलिस भी हंगामा कर रहे छात्रों को शांत करा पाने में असमर्थ रही। इसके बाद लॉ कॉलेज के प्रिंसिपल कमल किशोर मौके पर पहुंच कर छात्रों को समझाबुझा कर किसी तरह शांत कराया।