रांची : हेमंत सोरेन ने शुक्रवार को झारखंड विधानसभा परिसर में आयोजित कार्यक्रम में राज्य की कानून-व्यवस्था को और सुदृढ़ करने के उद्देश्य से झारखंड पुलिस को 1,485 आधुनिक वाहन सौंपे। इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने राज्य के विभिन्न जिलों में बनने वाले 12 नए अत्याधुनिक पुलिस थानों का ऑनलाइन शिलान्यास भी किया।मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य गठन के 25 वर्षों में पहली बार पुलिस विभाग को इतनी बड़ी संख्या में आधुनिक वाहनों का बेड़ा उपलब्ध कराया गया है। इससे पुलिस की प्रतिक्रिया क्षमता, गश्ती व्यवस्था और अपराध नियंत्रण को और प्रभावी बनाया जा सकेगा। उन्होंने कहा कि इन वाहनों से ग्रामीण से लेकर शहरी क्षेत्रों तक पुलिस की पहुंच तेज होगी और आम जनता को बेहतर सुरक्षा मिल सकेगी।मुख्यमंत्री ने हाल ही में हुए धुर्वा अपहरण कांड का जिक्र करते हुए कहा कि पुलिस की त्वरित कार्रवाई से नाबालिग बच्चों की सुरक्षित बरामदगी और अंतरराज्यीय बच्चा चोर गिरोह का पर्दाफाश हुआ, जो झारखंड पुलिस की दक्षता और तत्परता को दर्शाता है।सरकार द्वारा स्वीकृत वाहनों में से पहले चरण में 636 पेट्रोलिंग वाहन और 849 दोपहिया वाहन जिलों और थानों को उपलब्ध कराए गए हैं। ये वाहन गश्ती व्यवस्था को मजबूत करने, क्विक रिस्पॉन्स बढ़ाने और संवेदनशील क्षेत्रों की निगरानी में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।मुख्यमंत्री ने नागरिकों से भी अपील की कि वे कानून-व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना समय पर प्रशासन को दें, ताकि राज्य को और अधिक सुरक्षित बनाया जा सके।