धनबाद : बलियापुर प्रखंड स्थित सुरंगा पंचायत में बुधवार को अबुआ आवास योजना के तहत चयनित लाभुकों को गृह प्रवेश कराया गया। नव-निर्मित घरों का विधिवत उद्घाटन एवं चाभी वितरण कार्यक्रम का आयोजन पंचायत भवन परिसर में किया गया।कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रमुख पिंकी देवी ने की, जबकि मुखिया विजय कालिंदी, सचिव हरिश्चंद्र दूसाद, उपमुखिया संतोष महतो एवं प्रमुख पति राधेश्याम रजक मुख्य रूप से उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने संयुक्त रूप से फीता काटकर और नारियल फोड़कर गृह प्रवेश का शुभारंभ किया।इस अवसर पर प्रमुख पिंकी देवी ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा संचालित अबुआ आवास योजना गरीब और बेघर परिवारों के जीवन में स्थायित्व और सम्मान की भावना लाने का कार्य कर रही है। उन्होंने सभी लाभुकों को बधाई देते हुए कहा कि हर जरूरतमंद परिवार तक योजना का लाभ पहुंचाना पंचायत प्रशासन की प्राथमिकता है।मुखिया विजय कालिंदी ने भी अपने संबोधन में कहा कि पंचायत स्तर पर पारदर्शिता और गुणवत्ता के साथ कार्य किए जा रहे हैं ताकि कोई भी पात्र परिवार वंचित न रहे। उन्होंने लाभुकों से आग्रह किया कि वे अपने घर की देखभाल करें और सरकारी योजनाओं का सही उपयोग करें।गृह प्रवेश कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों में खुशी की लहर देखी गई। लाभुकों ने सरकार एवं पंचायत प्रतिनिधियों का आभार जताया। मौके पर महिला समूह की सदस्याएं, ग्रामसभा के प्रतिनिधि, JSLPS के कर्मी और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।