झारखंड के गोड्डा जिले में पुलिस ने नशे के कारोबार पर बड़ी कार्रवाई की है। नगर थाना पुलिस ने गुरुवार को छापेमारी कर ब्राउन शुगर की अवैध खरीद-बिक्री के मामले में छह आरोपितों को गिरफ्तार किया है। आरोपितों के पास से 150.3 ग्राम ब्राउन शुगर, तीन छोटे डिजिटल माप-तौल मशीन और चार मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।गिरफ्तार आरोपितों की पहचान प्रीतम कुमार आर्या उर्फ प्रीतम सोलर, चंदन कुमार यादव, मो. कैफ, सुकरा अंसारी, नौशाद आलम और मुन्ना अंसारी उर्फ मसरूल अहमद के रूप में हुई है। इनमें से प्रीतम कुमार आर्या, चंदन कुमार यादव, सुकरा अंसारी और नौशाद आलम पर पूर्व में भी आपराधिक मामले दर्ज हैं।नगर थाना प्रभारी दिनेश कुमार महली ने जानकारी देते हुए बताया कि गोड्डा एसपी को गुप्त सूचना मिली थी कि कुरमन के पास नए बन रहे बाईपास रोड पर ओवरब्रिज के नीचे ब्राउन शुगर का सेवन और अवैध बिक्री की जा रही है। सूचना के आधार पर वरीय अधिकारियों के निर्देश पर अंचल अधिकारी हलधर सैठी के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया।टीम ने तत्काल मौके पर छापेमारी कर छह लोगों को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उनके पास से नशे का सामान और उपकरण बरामद किए गए। पुलिस का कहना है कि यह नेटवर्क संगठित तरीके से नशे की सप्लाई में सक्रिय था।गिरफ्तार आरोपितों से पूछताछ के बाद पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि ब्राउन शुगर कहां से लाई जाती थी और किन-किन क्षेत्रों में इसकी सप्लाई होती थी। बरामद ब्राउन शुगर का बाजार मूल्य लाखों रुपये आंका जा रहा है।इस कार्रवाई के बाद गोड्डा पुलिस ने साफ संदेश दिया है कि जिले में नशे के कारोबारियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस अब इस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुट गई है।