गुरुवार देर शाम चतरो-जमुआ मुख्य मार्ग पर देवरी थाना क्षेत्र के मकडीहा के पास एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। बाइक पर सवार दो युवकों को टेलर ने टक्कर मार दी, जिससे पतालडीह गांव के रामविनय सिंह (25) की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। बाइक पर सवार दूसरा युवक दीपक कुमार सिंह (20) गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे प्राथमिक उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र देवरी ले जाया गया, लेकिन नाजुक हालत को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए गिरिडीह रेफर कर दिया गया। घटना की सूचना मिलते ही देवरी थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और मृतक का शव तथा दुर्घटनाग्रस्त टेलर जब्त कर लिया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।