गिरिडीह। जिले की महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और न्याय सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए गिरिडीह जिला पुलिस अधीक्षक डॉ. विमल कुमार ने शनिवार को महिला थाना परिसर में “स्वागत कक्ष” का उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि यह कक्ष केवल एक भौतिक संरचना नहीं, बल्कि संवेदना और विश्वास का प्रतीक है। यह कदम महिलाओं को भयमुक्त और सहयोगी वातावरण प्रदान करने की दिशा में एक ठोस पहल है।पुलिस अधीक्षक ने बताया कि इस स्वागत कक्ष का मुख्य उद्देश्य उन महिलाओं को सहजता और सुरक्षा का अनुभव कराना है जो अपनी शिकायत लेकर थाने आती हैं। यहां महिला पुलिस अधिकारी और अनुभवी परामर्शदाता मौजूद रहेंगी, जो न केवल कानूनी सहायता देंगी बल्कि संवेदनशीलता के साथ उनकी समस्याओं का समाधान भी करेंगी।उन्होंने कहा कि कई बार संवाद और समझ से विवादों का समाधान संभव होता है। इसलिए FIR दर्ज करने से पहले शिकायतकर्ताओं को आपसी सुलह और समझ के लिए यह कक्ष एक प्लेटफॉर्म प्रदान करेगा।डॉ. विमल कुमार ने कहा कि गिरिडीह पुलिस महिलाओं के प्रति होने वाले अपराधों पर “जीरो टॉलरेंस” की नीति पर काम कर रही है। उन्होंने जिले की सभी महिलाओं और बहनों से अपील की कि वे अन्याय या उत्पीड़न के मामलों में चुप न रहें और तुरंत पुलिस से संपर्क करें।पुलिस अधीक्षक ने सभी पुलिस पदाधिकारियों को संवेदनशीलता और सहानुभूति के साथ कार्य करने का निर्देश दिया तथा कहा कि गिरिडीह पुलिस हमेशा महिलाओं के साथ खड़ी है।