गिरिडीह. गिरिडीह जिला की बेंगाबाद पुलिस ने बाइक चोरी कर बेचने वाले एक युवक को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार युवक की निशानदेही पर चोरी की गई तीन बाइक को जब्त किया गया है. गिरफ्तार आरोपी साबिर अंसारी गांडेय थाना क्षेत्र के शीतलाटांड का रहने वाला है. बुधवार को बेंगाबाद थाना में प्रेस वार्ता के बाद उसे जेल भेज दिया गया. प्रेसवार्ता में एसडीपीओ जीतवाहन उरांव ने कहा कि बेंगाबाद थाना प्रभारी एवं उनकी टीम के द्वारा बेहतर काम किया गया है. इसके लिए रिवॉर्ड की अनुशंसा की जाएगी. कहा कि क्षेत्र में इस प्रकार की घटना को रोकने के लिए थाना स्तर पर लगातार प्रयास किया जा रहा है और जल्द ही इस प्रकार अन्य घटनाओं का उद्भेदन किया जाएगा. उन्होंने कहा कि इस मामले में अग्रतर करवाई जारी है. चोरी की अन्य बाइक जल्द बरामद किए जाएंगे. प्रेसवार्ता में एसडीपीओ जीतवाहन उरांव ने बताया कि बेंगाबाद थाना क्षेत्र के दिघरियाखुर्द से एक होंडा सीडी 100 ड्रीम JH 10 BK 8034 नंबर की बाइक चोरी हुई थी. बाइक के मालिक बुधुलाल चौड़े ने 15 मार्च को बेंगाबाद थाने में इसकी शिकायत दर्ज कराई थी. शिकायत दर्ज कर पुलिस मामले के अनुसंधान में जुटी हुई थी. इसी क्रम में 17 मार्च को पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि एक युवक चोरी की मोटरसाइकिल के साथ गिरिडीह गांडेय मार्ग पर गुजर रहा है. सूचना मिलते ही बेंगाबाद थाना प्रभारी जितेंद्र कुमार सिंह के नेतृत्व में एक छापेमारी दल गठित कर उक्त युवक को चोरी की बाइक सहित पकड़ा गया. पूछताछ में युवक ने अपना नाम साबिर अंसारी बताया और उसने 13 मार्च को बुधुलाल चौड़े के घर के बाहर से अपने एक अन्य सहयोगी के साथ मोटरसाइकिल चोरी करने की बात स्वीकार की. गिरफ्तारी के बाद थाना में युवक ने पूछताछ में पूर्व में चोरी कर बेची गई अन्य मोटरसाइकिल के बारे में बताया. जिसके बाद उसकी निशानदेही पर पुलिस टीम ने बेंगाबाद थाना क्षेत्र के बहादुरपुर से चोरी की गई बिना नंबर प्लेट की दो होंडा शाइन बाइक बरामद किया है. बताया गया कि आरोपी अभियुक्त लोगों को मोटरसाइकिल के कागजात बाद में देने की बात कह कर चोरी की मोटरसाइकिल उन्हें बेच देता था. बाद में वह महीनों तक खरीदार को कागजात देने के नाम पर टालता रहता था. छापेमारी दल में बेंगाबाद थाना प्रभारी जितेंद्र कुमार सिंह, एसआई विजय मंडल, एसआई उदय नारायण सिंह, एएसआई सुनील तिर्की एवं सशस्त्र बल के जवान शामिल थे.