बोकारो। ईद के पावन अवसर पर सिवनडीह स्थित दारुल उलूम अहले सुन्नत हनफिया गरीब नवाज दरबार में शनिवार को भाईचारे और सौहार्द का अनूठा संगम देखने को मिला। यहां प्रशासनिक अधिकारियों और आमजन के बीच आत्मीयता का माहौल बना रहा।मौके पर उपायुक्त अजय नाथ झा, पुलिस अधीक्षक हरविंदर सिंह, उप विकास आयुक्त शताब्दी मजूमदार और अनुमंडल पदाधिकारी प्रांजल ढांडा समेत कई अधिकारी उपस्थित रहे। सभी ने एक-दूसरे से गले मिलकर ईद की शुभकामनाएं दीं और सामाजिक एकता का संदेश दिया।अधिकारियों ने कहा कि ईद का त्योहार प्रेम, त्याग और आपसी सम्मान का प्रतीक है। उन्होंने लोगों से समाज में शांति और सद्भाव बनाए रखने की अपील की।कार्यक्रम के दौरान पूरा परिसर खुशियों और दुआओं से सराबोर रहा। लोगों ने एक-दूसरे के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। यह आयोजन प्रशासन और समाज के मजबूत रिश्तों का प्रतीक बनकर उभरा।