दुमका: दुमका के एम एस होटल में मंगलवार शाम 6 बजे बहुचर्चित दुमका प्रीमियर लीग (DPL) सीजन–2 का शानदार आगाज़ खिलाड़ियों की नीलामी के साथ हुआ। इस बार आयोजन को खास बनाते हुए नीलामी प्रक्रिया का पहली बार लाइव प्रसारण भी किया गया, जिससे क्रिकेट प्रेमियों में खासा उत्साह देखने को मिला।नीलामी में कुल 6 फ्रेंचाइजी टीमों—अशोका लायंस, दुमका चैलेंजर्स, दुमका रॉयल्स, बासुकी–11, विज़नरी–11 और एम एंड एस–11—ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रीय गान के साथ हुई, जिसके बाद जिला क्रिकेट संघ, दुमका के अध्यक्ष भास्कर अजीत सिंह ने नीलामी प्रक्रिया की जानकारी दी और पूरे आयोजन का संचालन किया।इस नीलामी में कुल 149 खिलाड़ियों के नाम शामिल थे, जिनमें से 93 खिलाड़ियों की सफल बोली लगी, जबकि कई बड़े नाम अनसोल्ड रह गए। टीम मालिकों ने खिलाड़ियों के चयन में प्रदर्शन के साथ-साथ अनुशासन और टीम संयोजन को प्राथमिकता दी।नीलामी के दौरान दुमका रॉयल्स के आनंद दुबे सबसे महंगे खिलाड़ी साबित हुए, जिन्हें 8100 रुपये में खरीदा गया। वहीं बासुकी–11 ने प्रीत सिंह और विज़नरी–11 ने मोहित सिंह को 7600–7600 रुपये में अपनी टीम में शामिल किया।कार्यक्रम के मुख्य प्रायोजक डॉ. तुषार ज्योति ने खिलाड़ियों को भविष्य में और बेहतर अवसर देने की बात कही और अनुशासन बनाए रखने की सलाह दी। आयोजन की व्यवस्था की सभी टीम मालिकों ने जमकर सराहना की।जिला क्रिकेट संघ के सचिव शावर्ण मनोज कुणाल ने सभी टीम मालिकों, खिलाड़ियों, प्रायोजकों और सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए बताया कि इस लीग का मुख्य उद्देश्य खिलाड़ियों को बेहतर मंच और एक्सपोज़र देना है। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि अनसोल्ड खिलाड़ियों की पंजीकरण राशि (₹500) वापस की जाएगी।आयोजन को और भव्य बनाने के लिए दुमका के स्थानीय ए टीम क्रिकेट ग्राउंड को सजाने और संवारने का कार्य शुरू हो चुका है। जल्द ही मैचों की तिथि की घोषणा की जाएगी।इस मौके पर जिला क्रिकेट संघ, प्रायोजक अशोक न्यू केयर की टीम, सभी फ्रेंचाइजी मालिक, क्रिकेट प्रेमी और मीडिया के प्रतिनिधि मौजूद थे।