■ अपराधी के पास से पोको कंपनी का एंड्रॉयड स्मार्टफोन, एयरटेल एवं जीओ कंपनी का सिम व एयरटेल पेमेंट बैंक के दो एटीएम कार्ड बरामद दुमका:रामगढ़ थाना पुलिस ने लावरती जंगल के पास से साइबर अपराध की घटना को अंजाम दे रहे लखनपुर गांव के एक आरोपी अजय कुमार पंडित पिता हरि प्रसाद पंडित को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। जबकि तीन अन्य आरोपी भागने में सफल हो गए।ज्ञात हो कि आरक्षी अधीक्षक दुमका के तकनीकी शाखा के प्रतिबिंब एप्प के द्वारा पुलिस को सूचना मिली थी कि रामगढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत लावरती झाड़ी के पास चार लड़को के द्वारा साइबर अपराध को अंजाम दिया जा रहा है। मौके पर पहुंची पुलिस को देखकर सभी भागने लगे जिसमें से एक अपराधी पकडा गया। पकड़े गए व्यक्ति से पूछ-ताछ में भागने वाले व्यक्तियों का नाम रोशन मंडल कारुडीह, अमर मंडल एवं विकास मंडल बताया गया। पकड़े गए व्यक्ति के पास से पोको कंपनी का एंड्रॉयड स्मार्टफोन एयरटेल एवं जीओ कंपनी का सीम तथा एयरटेल पेमेंट बैंक के दो एटीएम कार्ड बरामद किया गया है। पकड़े गए व्यक्ति ने कड़ाई से पूछताछ के क्रम में पुलिस को बताया कि हमलोग संगठित होकर साइबर ठगी का काम करते हैं तथा बैंक मैनेजर,बैंक कर्मचारी, क्रेडिट कार्ड अधिकारी,लोन अफसर मंईयां योजना का आधार कार्ड लिंक करने सहित विभिन्न तरह की बात बोलकर बहला फुसलाकर फर्जी फाईल भेजते है, जो एक लिंक के रूप में होता है। जैसे ही संबंधित व्यक्ति उस लिंक को ओपन करता है तब तक हमलोग उसके मोबाइल को हैक कर लेते हैं। उसके बाद उसका ओटीपी हमारे मोबाइल पर आ जाता है।जिससे उक्त व्यक्ति का पैसा आंन लाईन निकाल लेते हैं। यह भी बताया गया कि साइबर ठगी का पैसा हमलोग अपने बैंक अकाउंट में नहीं लेते हैं। उक्त राशि को किसी अन्य व्यक्ति के खाते में डालकर उसे 30 प्रतिशत कमीशन देते हैं।इस मामले में थाना प्रभारी मनीष कुमार ने बताया कि सभी आरोपी के विरुद्ध रामगढ़ थाना कांड संख्या 89/2025 दिनांक 19.11.2025 धारा U/s111/319(2)61 (2)/318(4)/338/336(3)/340(2)/3(5) BNS &66(C)/(D)IT Act के तहत मामला दर्ज कर पकड़े गए व्यक्ति को जेल भेज दिया गया है। जबकि फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए छापामारी चल रही है। छापामारी दल में थाना प्रभारी मनीष कुमार, सअनि अशोक चौरसिया, सअनि कमलदेव मोची, आरक्षी श्रीजल मुर्मू, चंदन कुमार ठाकुर सहायक आरक्षी सुदर्शन सेन शामिल थे।