दुमका।नगरपालिका आम निर्वाचन 2026 के तहत जिले में चल रहे मतदान के बीच जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त अभिजीत सिन्हा ने विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर संपूर्ण व्यवस्था का जायजा लिया।निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने सुरक्षा व्यवस्था, मतदान प्रक्रिया एवं मूलभूत सुविधाओं की स्थिति की गहन समीक्षा की। उन्होंने मतदान केंद्रों पर उपस्थित मतदाताओं से सीधे संवाद कर व्यवस्थाओं की जानकारी ली तथा उन्हें निर्भीक होकर अपने मताधिकार का प्रयोग करने के लिए प्रेरित किया।उपायुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिया कि मतदान पूरी तरह निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराया जाए। उन्होंने मतदान कर्मियों को जिम्मेदारी एवं सतर्कता के साथ कार्य करने को कहा।कंट्रोल रूम के माध्यम से उपायुक्त लगातार पूरे जिले की मतदान प्रक्रिया की मॉनिटरिंग कर रहे हैं, ताकि कहीं भी किसी प्रकार की असुविधा या व्यवधान उत्पन्न न हो।जिला प्रशासन ने नागरिकों से लोकतंत्र के इस महापर्व में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की है।