दुमका।राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई–3 की ओर से मयूराक्षी ग्रामीण महाविद्यालय, रानीश्वर में सात दिवसीय विशेष शिविर के अंतर्गत एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रभारी प्राचार्य प्रो. नब कुमार पाल ने की। आज के शिविर का मुख्य विषय “साइबर क्राइम तथा उससे बचाव के उपाय” रहा।कार्यशाला में रघुनाथपुर थाना प्रभारी बीरबल राम, सहायक पुलिस अधिकारी विशाल खलखो, आकाश साधनी एवं रानीश्वर थाना के सष्ठीपद बावरी विशेष रूप से उपस्थित रहे। थाना प्रभारी बीरबल राम ने साइबर क्राइम के विभिन्न स्वरूपों—ऑनलाइन फ्रॉड, फिशिंग, सोशल मीडिया हैकिंग, फर्जी वेबसाइट, डेटा चोरी आदि—पर विस्तार से जानकारी दी और बताया कि किस प्रकार थोड़ी सी असावधानी से आर्थिक नुकसान हो सकता है।उन्होंने मोबाइल और इंटरनेट सुरक्षा पर जोर देते हुए कहा कि फर्जी कॉल व मैसेज से सतर्क रहें, अनावश्यक ऐप्स को परमिशन न दें और पब्लिक वाई-फाई पर कभी भी बैंकिंग या वित्तीय कार्य न करें। वहीं सहायक पुलिस अधिकारी विशाल खलखो ने वालंटियर्स को संबोधित करते हुए कहा कि वर्तमान समय में सजग रहना अत्यंत आवश्यक है—“सावधानी हटी, दुर्घटना घटी।”इस अवसर पर प्रभारी प्राचार्य प्रो. नब कुमार पाल ने सभी एनएसएस वालंटियर्स के उज्ज्वल भविष्य की कामना की तथा इकाई–3 की कार्यक्रम पदाधिकारी डॉ. रूपम कुमारी के कार्यों की भूरी-भूरी प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों को समाज के प्रति जिम्मेदार नागरिक बनाते हैं।कार्यक्रम में एनएसएस वालंटियर्स—अंतरा बागती, राखी बागती, ऋतिक कुमार दास, प्रीति टुडू, सूरजमुखी, रोबीना राय, अमित किस्कू, मुन्ना हांसदा, सोमनाथ पाल, चंद्रशेखर पाल सहित अन्य छात्रों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।मंच संचालन इकाई–3 की कार्यक्रम पदाधिकारी डॉ. रूपम कुमारी ने किया। उन्होंने एनएसएस गीतों के माध्यम से कार्यक्रम की शुरुआत की तथा सात दिवसीय शिविर में होने वाली गतिविधियों और सामाजिक कार्यों की जानकारी दी। अंत में उन्होंने सभी अतिथियों और प्रतिभागियों के प्रति धन्यवाद ज्ञापन किया।