बलियापुर/तिसरा : रामनवमी पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने को लेकर धनबाद के तिसरा थाना क्षेत्र में पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में नजर आ रहा है। पर्व को देखते हुए पुलिस द्वारा व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की तैयारी की गई है।तिसरा थाना प्रभारी के नेतृत्व में बुधवार को पूरे क्षेत्र में भव्य फ्लैग मार्च निकाला गया। इस दौरान पुलिस बल के जवानों ने संवेदनशील एवं भीड़भाड़ वाले इलाकों में पैदल मार्च कर आम लोगों को सुरक्षा का भरोसा दिलाया। फ्लैग मार्च तिसरा क्षेत्र के विभिन्न मोहल्लों और प्रमुख मार्गों से होकर गुजरा।फ्लैग मार्च के दौरान पुलिस अधिकारियों ने स्थानीय लोगों से शांति, सौहार्द और भाईचारा बनाए रखने की अपील की। थाना प्रभारी ने स्पष्ट रूप से कहा कि रामनवमी के दौरान किसी भी प्रकार की गड़बड़ी, असामाजिक गतिविधि या अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।उन्होंने कहा कि पर्व को लेकर पुलिस पूरी तरह मुस्तैद है तथा सभी संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। साथ ही लोगों से अपील की गई है कि किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें और प्रशासन का सहयोग करते हुए शांतिपूर्ण माहौल बनाए रखें।