धनबाद : धनबाद से भुवनेश्वर जाने वाली स्पेशल भुवनेश्वर एक्सप्रेस (गाड़ी-संख्या-02831) मंगलवार को छात्रों के लिए उम्मीद का सफर थी, लेकिन रेलवे की लापरवाही ने इसे दुविधा की राह बना दिया। ट्रेन को शाम 4:00 बजे धनबाद से खुलना था, मगर शाम 7:20 बजे तक भी ट्रेन स्टेशन से नहीं हिली। भारी इंतज़ार के बीच प्लेटफॉर्म पर खड़े हज़ारों छात्रों के चेहरे चिंता से भरे दिखे — कल सुबह होने वाली रेलवे ग्रुप-D परीक्षा का दबाव साफ झलक रहा था।निर्धारित समय के मुताबिक यह ट्रेन सुबह 7:45 बजे तक भुवनेश्वर पहुंच जानी थी, लेकिन तीन घंटे की देरी ने छात्रों की नींद उड़ा दी है। परीक्षा सेंटर तक समय पर पहुंचना अब मुश्किल होता दिख रहा है। परीक्षार्थी रेलवे प्रशासन से त्वरित कदम उठाने और ट्रेन को जल्द चलाने की मांग कर रहे हैं। कई छात्र सोशल मीडिया पर अपनी परेशानी साझा कर रहे हैं और जिम्मेदारों से कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।