धनबाद:भारत के महान संत, दार्शनिक और युवाओं के प्रेरणास्रोत स्वामी विवेकानंद की 163वीं जयंती आज पूरे देश में श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई जा रही है। इसी क्रम में धनबाद के सिटी सेंटर स्थित स्वामी विवेकानंद की आदमकद प्रतिमा पर बंगाली वेलफेयर सोसाइटी, धनबाद की ओर से पुष्पगुच्छ अर्पित कर एवं माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया गया। इस अवसर पर उनके विचारों और आदर्शों को याद करते हुए जयंती समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें समाज के कई युवा समाजसेवी, बुद्धिजीवी एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने स्वामी विवेकानंद के जीवन दर्शन और उनके द्वारा बताए गए मार्ग पर आज की युवा पीढ़ी को चलने की आवश्यकता पर जोर दिया। वक्ताओं ने कहा कि स्वामी विवेकानंद ने युवाओं को आत्मविश्वास, साहस और लक्ष्य के प्रति अडिग रहने की प्रेरणा दी। उन्होंने हमेशा समाज में समानता, मानवता और अधिकारों की बात की और युवाओं को राष्ट्र निर्माण में अहम भूमिका निभाने का संदेश दिया।स्वामी विवेकानंद के विचार “उठो, जागो और तब तक मत रुको जब तक लक्ष्य की प्राप्ति न हो जाए” को याद करते हुए वक्ताओं ने कहा कि आज के युवाओं को उनके आदर्शों को अपने जीवन में अपनाकर आगे बढ़ना चाहिए। शिक्षा, चरित्र निर्माण और सेवा भाव ही एक मजबूत समाज की नींव रख सकते हैं।गोपाल भट्टाचार्य, सचिव, बंगाली वेलफेयर सोसाइटी ने कहा कि स्वामी विवेकानंद के विचार आज भी उतने ही प्रासंगिक हैं और युवाओं को उनसे प्रेरणा लेनी चाहिए।पूर्व मेयर चंद्रशेखर अग्रवाल ने कहा कि स्वामी विवेकानंद का जीवन देश और समाज के लिए एक मार्गदर्शक है, जिसे अपनाकर युवा पीढ़ी राष्ट्र को नई दिशा दे सकती है।