धनबाद नगर निगम चुनाव की घोषणा के साथ ही जिला पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) प्रभात कुमार ने सभी संभावित उम्मीदवारों से आदर्श आचार संहिता का शत-प्रतिशत पालन करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि बिना अनुमति जुलूस या सभा, भड़काऊ भाषण, पोस्टर–बैनर और किसी भी तरह की अवैध गतिविधि पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।एसएसपी ने बताया कि स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण चुनाव कराने के लिए संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी जाएगी। साथ ही सोशल मीडिया पर अफवाह और भ्रामक पोस्ट फैलाने वालों पर भी पुलिस की कड़ी नजर रहेगी।उन्होंने मतदाताओं से अपील की कि वे किसी भी प्रकार के प्रलोभन या दबाव में न आएं और मतदान के दौरान संदिग्ध गतिविधि दिखने पर तुरंत पुलिस को सूचना दें। एसएसपी ने भरोसा दिलाया कि चुनाव के दौरान पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी और गड़बड़ी फैलाने वालों पर सख्त वैधानिक कार्रवाई होगी।