अक्टूबर माह में अपराधों में कमी, संगठित अपराध पर रहेगा जीरो टॉलरेंस – एसएसपी प्रभात कुमारधनबाद : वरीय पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार के नेतृत्व में धनबाद पुलिस की मासिक अपराध समीक्षा बैठक मंगलवार को पुलिस मुख्यालय स्थित समाहरणालय परिसर में आयोजित हुई। बैठक में सिटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव, जिले के सभी डीएसपी, एसडीपीओ, थाना व ओपी प्रभारी सहित विभिन्न शाखाओं के अधिकारी उपस्थित रहे।बैठक में अक्टूबर माह के अपराध नियंत्रण, पुलिस की कार्रवाई, लंबित मामलों के निष्पादन और आगामी रणनीति पर विस्तृत समीक्षा की गई। प्रस्तुत आंकड़ों के अनुसार, अक्टूबर माह में जिले में 602 कांड दर्ज हुए, जबकि 705 मामलों का निष्पादन किया गया। इसके परिणामस्वरूप लंबित मामलों की संख्या 2492 से घटकर 2385 रह गई। एसएसपी ने निर्देश दिया कि दिसंबर माह तक लंबित मामलों की संख्या 2000 से नीचे लाई जाए।एसएसपी ने कहा कि पुलिस की सतर्कता से अक्टूबर माह में जिले में कोई बड़ी आपराधिक घटना नहीं हुई है। धनबाद पुलिस संगठित अपराध के विरुद्ध जीरो टॉलरेंस नीति पर कायम रहेगी। उन्होंने बताया कि बाइक चोरी, लूट, गृहभेदन और चोरी जैसे अपराधों में उल्लेखनीय कमी आई है।बैठक में हाल ही में कृषि बाजार के व्यापारी से हुई लूटकांड पर भी गंभीर चिंता व्यक्त की गई। एसएसपी ने संबंधित थाना प्रभारी को शीघ्र गिरफ्तारी सुनिश्चित करने का निर्देश देते हुए कहा कि ऐसे मामलों में किसी भी तरह की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए जिले के सभी थाना क्षेत्रों में वाहन जांच, होटल व लॉज की औचक जांच, और संवेदनशील इलाकों में पुलिस गश्त को बढ़ाने का निर्देश दिया गया। साथ ही, ट्रैफिक व्यवस्था सुधारने के लिए विशेष अभियान चलाने के आदेश दिए गए। बाइक सवार दोनों व्यक्तियों के लिए हेलमेट अनिवार्य, जबकि फैंसी नंबर प्लेट, ब्लिंकर लाइट, मॉडिफाइड साइलेंसर, “प्रेस” या “पुलिस” लिखी गाड़ियों, तथा ट्रिपल राइड पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए।एसएसपी ने किरायेदार, चालक, चौकीदार या कर्मचारी रखने से पहले उनका थाना सत्यापन अनिवार्य बताया। सत्यापन नहीं कराने वालों पर कार्रवाई की चेतावनी दी गई। साथ ही, साइबर अपराध पर नकेल कसने के लिए जागरूकता अभियान जारी रखने और साइबर थाना में लंबित मामलों को शीघ्र निपटाने के निर्देश दिए।उन्होंने सभी थाना प्रभारियों से कहा कि फरियादियों के साथ संवेदनशील व्यवहार करें और उनकी शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करें। थाना परिसर को साफ-सुथरा और व्यवस्थित रखने पर भी विशेष बल दिया गया।एसएसपी ने जनता से अपील की कि वे यातायात नियमों का पालन करें, और किसी भी संदिग्ध या आपराधिक गतिविधि की सूचना तुरंत थाना या डायल 112 पर दें। उन्होंने आश्वासन दिया कि सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।अंत में, एसएसपी ने निर्देश दिया कि नशे का कारोबार, जुआ और लॉटरी जैसी अवैध गतिविधियों पर सख्त निगरानी रखी जाए और नियमित अभियान चलाया जाए।बैठक में सिटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव, सभी डीएसपी, एसडीपीओ, थाना व ओपी प्रभारी सहित जिले के विभिन्न शाखाओं के प्रभारी मौजूद रहे।