धनबाद : धनबाद पुलिस ने अंतर्राज्यीय परीक्षा फर्जीवाड़ा रैकेट का पर्दाफाश किया है। इस संगठित गिरोह का सीधा संबंध पड़ोसी राज्य पश्चिम बंगाल में आज हो रही आरक्षी भर्ती परीक्षा 2025 से था। जानकारी सीटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव ने समाहरणालय स्थित पुलिस सभागार में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित कर जानकारी दी। इस दौरान उन्होंने बताया कि महानिदेशक एवं पुलिस महानिरीक्षक, राँची के आदेश पर चलाए जा रहे ‘एंटी क्राइम चेकिंग अभियान’ के तहत कल झरिया के घनवटी क्षेत्र में एक संदिग्ध स्कॉर्पियो को रोककर की गई पूछताछ के बाद यह खुलासा हुआ। पुलिस को पता चला कि गिरोह झरिया के एक लॉज में बंगाल से लाए गए अभ्यर्थियों को परीक्षा से पहले प्रश्न पत्र और उत्तर याद करवा रहा था।तत्काल की गई छापेमारी में इस रैकेट से जुड़े कुल 17 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने अपराधियों के पास से 273 अभ्यर्थियों के प्रवेश पत्र, नोट किए हुए प्रश्न पत्रों वाली डायरी, और कई महत्वपूर्ण डिजिटल एवं बैंकिंग दस्तावेज बरामद किए हैं।