धनबाद : विश्व मधुमेह दिवस के अवसर पर धनबाद एक्शन ग्रुप (दाग) की ओर से गुरुवार को मधुमेह जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। रैली की शुरुआत सिटी सेंटर से हुई, जो मुख्य मार्गों से गुजरते हुए रणधीर वर्मा चौक पर पहुंचकर संपन्न हुई।रैली में शहर के विभिन्न सामाजिक संगठनों, व्यापारियों, युवाओं और वरिष्ठ नागरिकों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। प्रतिभागियों ने पोस्टर और बैनर के माध्यम से मधुमेह से बचाव, नियमित व्यायाम, संतुलित आहार और तनावमुक्त जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया।रणधीर वर्मा चौक पर आयोजित सभा को संबोधित करते हुए डॉ. एन.के. सिंह ने कहा कि विश्व मधुमेह दिवस लोगों को इस बीमारी के प्रति संवेदनशील और जागरूक बनाने का महत्वपूर्ण अवसर है। उन्होंने बताया कि डायबिटीज कई गंभीर बीमारियों की जड़ बन सकती है, इसलिए समय पर बचाव और जागरूकता बेहद आवश्यक है।डॉ. लीना सिंह ने कहा कि “जीवनशैली में छोटे-छोटे बदलाव, जैसे रोजाना एक घंटे पैदल चलना, योग-व्यायाम करना और खानपान में सुधार, डायबिटीज से बचाव का प्रभावी तरीका है।” उन्होंने लोगों से बदलती दिनचर्या और आधुनिक भोजन शैली के बीच स्वास्थ्य को प्राथमिकता देने की अपील की।कार्यक्रम के अंत में दाग के सदस्यों ने लोगों से नियमित स्वास्थ्य जांच कराने तथा अपने परिवार और समुदाय में जागरूकता फैलाने का आग्रह किया।इस अवसर पर दाग के अध्यक्ष रमेश गांधी, कोषाध्यक्ष मिहिर कुमार, उपाध्यक्ष रवि श्रीवास्तव, धनंजय शर्मा, प्रतीक चटर्जी, पप्पू साहब, प्रीति कुमारी, राजेश गुप्ता, धीरज शर्मा, तथा टाटा फीडर से प्रशिक्षक जयराम एवं उनके विद्यार्थी उपस्थित थे।कार्यक्रम का समापन गांधी सेवा सदन में वंदे मातरम गीत के साथ हुआ।