धनबाद : नगर निकाय चुनाव को शांतिपूर्ण और भयमुक्त वातावरण में संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन और झारखंड पुलिस पूरी तरह मुस्तैद है। जिले के सभी मतदान केंद्रों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं तथा संवेदनशील और अतिसंवेदनशील बूथों पर विशेष नजर रखी जा रही है।जिला पुलिस के कंट्रोल रूम से सभी मतदान केंद्रों पर लगातार सीधा संपर्क बनाए रखा गया है। कंट्रोल रूम में डीएसपी सीसीआर सुमित कुमार, डीएसपी मुख्यालय धीरेन्द्र नारायण बंका, डीएसपी साइबर संजीव कुमार और इंस्पेक्टर रविकांत प्रसाद मौजूद रहकर पल-पल की स्थिति की मॉनिटरिंग कर रहे हैं। मतदान की प्रगति, सुरक्षा व्यवस्था और क्षेत्र की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।वरीय अधिकारियों द्वारा जिले के विभिन्न क्षेत्रों का लगातार निरीक्षण किया जा रहा है। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए क्विक रिस्पॉन्स टीम को अलर्ट मोड में रखा गया है, वहीं पुलिस की गश्ती टीम भी लगातार भ्रमण कर रही है, जिससे मतदाताओं में सुरक्षा का भरोसा बना हुआ है।मतदान केंद्रों पर मतदाता कतारबद्ध होकर अपने मताधिकार का प्रयोग कर रहे हैं। महिला, बुजुर्ग और दिव्यांग मतदाताओं के लिए विशेष व्यवस्था की गई है। पुलिस प्रशासन ने नागरिकों से निर्भीक होकर मतदान करने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत देने की अपील की है।कुल मिलाकर जिले में शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और भयमुक्त मतदान सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन पूरी तरह सतर्क है और अब तक स्थिति सामान्य और नियंत्रण में है