धनबाद में कुख्यात अपराधी प्रिंस खान के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई शुरू कर दी है। उसके गुर्गों और कथित संरक्षकों पर शिकंजा कसते हुए सोमवार सुबह करीब पांच बजे से लगातार छापेमारी की जा रही है। यह कार्रवाई शहर के कई इलाकों में एक साथ चल रही है।पुलिस की टीमें वासेपुर, पांडरपाला और भूली इलाके में एक साथ छापेमारी कर रही हैं। सिटी एसपी और ग्रामीण एसपी के नेतृत्व में डीएसपी स्तर के अधिकारी एवं भारी संख्या में पुलिस बल इस अभियान में शामिल हैं।छापेमारी के दौरान पांडरपाला के भट्ठा मुहल्ला स्थित जमीन कारोबारी मोहम्मद कैश के आवास पर भी पुलिस ने दबिश दी है। पुलिस उसके कुख्यात अपराधी प्रिंस खान से कथित संबंधों की गहन जांच कर रही है।इसी कार्रवाई के तहत पुलिस ने नदीम खान को गिरफ्तार किया है। उसके पास से ₹2.50 लाख नकद बरामद किए गए हैं। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि बरामद राशि किस उद्देश्य से रखी गई थी और इसका संबंध किस आपराधिक गतिविधि से है।गौरतलब है कि एसएसपी प्रभात कुमार ने कुछ दिन पहले ही यह संकेत दिए थे कि प्रिंस खान को सहयोग देने वाले न सिर्फ अपराधी बल्कि तथाकथित सफेदपोश लोगों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी। वर्तमान छापेमारी को उसी दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है।