धनबाद के सदर थाना क्षेत्र अंतर्गत बरटांड़ इलाके में एक बार फिर चोरी की बड़ी घटना सामने आई है, जिससे स्थानीय व्यापारियों में दहशत का माहौल बन गया है। चोरों ने इस बार एक मोबाइल दुकान और उसके बगल में स्थित दवा दुकान को निशाना बनाया और लाखों रुपये के सामान पर हाथ साफ कर दिया है।घटना की जानकारी तब हुई जब शुक्रवार दोपहर दुकान संचालक अपनी-अपनी दुकानें खोलने पहुंचे। मोबाइल दुकान के संचालक और बरटांड़ चैंबर अध्यक्ष रंजीत कुमार सिंह ने बताया कि गुरुवार को दुकान बंद थी। शुक्रवार को जब वे दुकान पहुंचे तो अंदर का नजारा देखकर दंग रह गए। दुकान का सारा सामान बिखरा पड़ा था और करीब 9 लाख रुपये के मोबाइल फोन, एक्सेसरीज़ और नकदी गायब थे।रंजीत सिंह ने यह भी बताया कि चोरों ने बड़ी चालाकी से दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे का केबल काट दिया, जिससे कोई फुटेज रिकॉर्ड नहीं हो सका। इससे साफ है कि चोर पूरी तैयारी के साथ आए थे।वहीं बगल की दवा दुकान के संचालक उत्तम कुमार तिवारी ने बताया कि उनकी दुकान में भी चोरी हुई है। चोर पीछे की दीवार तोड़कर अंदर घुसे और करीब 10 से 15 हजार रुपये के सामान और नकदी लेकर फरार हो गए।घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। सदर थाना प्रभारी भी घटनास्थल पर पहुंचे, लेकिन उन्होंने मीडिया से कुछ भी कहने से इनकार कर दिया।लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से इलाके के व्यापारियों में डर और नाराजगी दोनों देखने को मिल रही है। व्यापारियों ने प्रशासन से सुरक्षा बढ़ाने और जल्द से जल्द अपराधियों की गिरफ्तारी की मांग की है।