नगर निकाय चुनाव से पहले पुलिस अलर्ट, एंटी क्राइम अभियान और ट्रैफिक एक्शन तेज#धनबाद : समाहरणालय स्थित पुलिस मुख्यालय सभागार में सोमवार को वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) श्री प्रभात कुमार की अध्यक्षता में जनवरी 2026 माह की अपराध समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले की विधि-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण, लंबित मामलों के निष्पादन तथा आगामी नगर निकाय चुनाव को लेकर सुरक्षा तैयारियों की गहन समीक्षा की गई।दर्ज से अधिक मामलों का निष्पादन, लंबित मामलों में कमीबैठक के दौरान अपराध के आंकड़ों की समीक्षा करते हुए बताया गया कि जनवरी माह में जिले भर में कुल 522 कांड दर्ज किए गए, जबकि पुलिस ने 625 कांडों का निष्पादन किया। दर्ज से अधिक मामलों के निष्पादन से जिले में लंबित मामलों की संख्या घटकर लगभग दो हजार रह गई है। एसएसपी ने इसे पुलिस की सक्रियता और प्रभावी कार्यशैली का परिणाम बताया।एसएसपी श्री प्रभात कुमार ने सभी पुलिस पदाधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि सभी लंबित वारंट और कुर्की मामलों का निष्पादन एक सप्ताह के भीतर सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि फरार आरोपियों पर कड़ी कार्रवाई कर कानून का भय स्थापित करना आवश्यक है।अपराध नियंत्रण को और मजबूत करने के लिए जिले में 950 सक्रिय अपराधियों को सर्विलांस पर रखा गया है। इसके साथ ही पिछले पांच वर्षों में जमानत पर बाहर आए लगभग चार हजार अपराधियों की गतिविधियों पर भी तकनीकी निगरानी तेज कर दी गई है। एसएसपी ने दोहराया कि दोबारा अपराध में संलिप्त पाए जाने पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।आगामी नगर निकाय चुनाव को देखते हुए एसएसपी ने सभी थाना प्रभारियों को रोजाना एंटी क्राइम चेकिंग अभियान चलाने का निर्देश दिया। सार्वजनिक स्थलों पर अड्डेबाजी, हुड़दंग और शराब सेवन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं, ताकि चुनाव शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हो सके।सड़क हादसों पर सख्ती, जीटी रोड पर विशेष ट्रैफिक ब्लू प्रिंटबैठक में बढ़ते सड़क हादसों पर भी गंभीर चिंता जताई गई। एसएसपी ने दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए जीटी रोड पर विशेष ट्रैफिक ब्लू प्रिंट लागू करने का निर्देश दिया। इसके तहत ओवरस्पीडिंग, लापरवाह ड्राइविंग और ट्रैफिक नियमों के उल्लंघन पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।अपराध समीक्षा बैठक में ग्रामीण एसपी श्री कपील चौधरी, सिटी एसपी श्री ऋतविक श्रीवास्तव, प्रशिक्षु आईपीएस श्री अंकित सिन्हा सहित सभी डीएसपी, एसडीपीओ, थाना प्रभारी एवं ओपी प्रभारी उपस्थित रहे।