*लोगों से की निर्भीक होकर मतदान करने की अपील**बूथों पर की सुरक्षा, मूलभूत सुविधाओं व पुलिस तैनाती की समीक्षा**शांति भंग करने वालों पर सख्ती बरतने का निर्देश* *लगातार गश्त और निगरानी जारी रखने का आदेश*नगर निकाय चुनाव को शांतिपूर्ण व निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराने, लोगों को निर्भीक होकर मतदान करने, मतदान केंद्रों पर सुरक्षा, मूलभूत सुविधा व पुलिस की तैनाती की समीक्षा के साथ-साथ शरारती तत्वों को कड़ा संदेश देने के उद्देश्य से जिला निर्वाचन पदाधिकारी (नगर पालिका) सह उपायुक्त श्री आदित्य रंजन तथा वरीय पुलिस अधीक्षक श्री प्रभात कुमार ने आज देर शाम झरिया, कतरास एवं वासेपुर का दौरा कर इलाकों का विस्तृत निरीक्षण किया।निरीक्षण के दौरान जिले के दोनों वरीय अधिकारियों ने क्षेत्र के संवेदनशील एवं अति संवेदनशील मतदान केंद्रों का दौरा किया। प्रत्येक बूथ पर सुरक्षा व्यवस्था, पुलिस बल की तैनाती, प्रवेश एवं निकास मार्ग, बैरिकेडिंग, सीसीटीवी (जहां उपलब्ध), और आसपास की भौगोलिक स्थिति का बारीकी से जायजा लिया गया। अधिकारियों ने संबंधित थाना प्रभारी एवं दंडाधिकारियों से संभावित चुनौतियों और सुरक्षा रणनीति की जानकारी भी ली।उपायुक्त ने बूथों पर मौजूद मतदान कर्मियों से संवाद कर उनसे पेयजल, शौचालय, बिजली, बैठने की व्यवस्था, विश्राम कक्ष एवं सुरक्षा सहयोग की विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिया कि किसी भी मतदान केंद्र पर संसाधनों की कमी नहीं होनी चाहिए और यदि कहीं कोई समस्या हो तो उसका त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाए।वहीं वरीय पुलिस अधीक्षक ने सभी बूथों की सुरक्षा व्यवस्था का सूक्ष्म निरीक्षण करते हुए पुलिस अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि मतदान के दौरान पूरी सतर्कता बरतें। क्षेत्र में लगातार गश्त, संदिग्ध गतिविधियों पर नजर और त्वरित प्रतिक्रिया प्रणाली को सक्रिय रखें।एसएसपी ने कहा कि चुनाव के दौरान अफवाह फैलाने, मतदाताओं को प्रभावित करने, या शांति व्यवस्था भंग करने की किसी भी कोशिश को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसे तत्वों की पहचान कर उनके विरुद्ध विधिसम्मत कठोरतम कार्रवाई की जाएगी।वरीय पुलिस अधीक्षक ने सभी पुलिस पदाधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्र में लगातार भ्रमणशील रहने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि हर गतिविधि पर पैनी नजर रखे। संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतें। आवश्यकता पड़ने पर अतिरिक्त बल की तैनाती भी सुनिश्चित की जाएगी।निरीक्षण के दौरान वरीय अधिकारियों ने आम नागरिकों एवं मतदाताओं से अपील की कि वे किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें और बिना किसी भय या दबाव के अपने मताधिकार का प्रयोग करें। प्रशासन द्वारा व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की गई है, इसलिए सभी मतदाता लोकतंत्र के इस महापर्व में बढ़-चढ़कर हिस्सा लें।निरीक्षण के दौरान अनुमंडल दंडाधिकारी श्री लोकेश बारांगे, ग्रामीण एसपी श्री कपिल चौधरी, सिटी एसपी श्री ऋतविक श्रीवास्तव, एसडीपीओ सिंदरी श्री आशुतोष सत्यम, एसडीपीओ बाघमारा श्री पुरुषोत्तम कुमार सिंह, कार्यपालक दंडाधिकारी श्री रविन्द्र नाथ ठाकुर सहित कई थाना प्रभारी एवं अन्य प्रशासनिक एवं पुलिस पदाधिकारी उपस्थित थे।*जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि नगर निकाय चुनाव को पूरी पारदर्शिता, निष्पक्षता और कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के साथ संपन्न कराने के लिए सभी स्तर पर तैयारी पूरी कर ली गई है। जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए व्यापक रणनीति लागू की गई है। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए क्विक रिस्पांस टीम तैयार है।*