धनबाद : धनबाद में उस समय हड़कंप मच गया जब धनबाद कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी मिली। यह धमकी ईमेल के जरिए वरीय पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार को भेजी गई थी।सूचना मिलते ही पुलिस-प्रशासन हरकत में आ गया और एहतियातन कोर्ट परिसर को तुरंत खाली करा लिया गया। अधिवक्ताओं, कर्मचारियों और आम लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया।मौके पर बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वाड की टीम पहुंचकर पूरे परिसर की सघन तलाशी ले रही है। सुरक्षा एजेंसियों ने कोर्ट परिसर की घेराबंदी कर दी है और हर संदिग्ध वस्तु की जांच की जा रही है।प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और शांति बनाए रखने की अपील की है। मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच जारी है।