धनबाद के सदर अस्पताल में जटिल स्त्री रोग का ऑपरेशन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।इसकी जानकारी देते हुए अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ संजीव कुमार ने बताया कि सरायढेला थाना क्षेत्र के कुसुम विहार निवासी श्रीमती रेखा देवी (उम्र 55 वर्ष), पति श्री तर्केश्वर प्रसाद, जो कि झारखंड सरकार के पुलिस विभाग के सेवानिवृत्त कर्मी हैं, विगत 2–3 महीनों से मासिक धर्म के बीच अत्यधिक रक्तस्राव की समस्या से पीड़ित थीं। उन्होंने स्थानीय स्तर पर उपचार कराया, परंतु अस्थायी लाभ के बाद पुनः समस्या बनी रही।इस दौरान उन्हें सदर अस्पताल के स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. संजीव कुमार के बारे में जानकारी मिली। जिसके पश्चात उन्होंने सदर अस्पताल में परामर्श लिया। जाँच एवं अल्ट्रासोनोग्राफी में गर्भाशय में मल्टीपल फाइब्रॉएड तथा सरवाइकल पॉलीप पाए गए। समुचित जाँच एवं चिकित्सकीय परामर्श के बाद शल्यक्रिया का निर्णय लिया गया।तत्पश्चात आज, दिनांक 02 जनवरी 2026 को, सदर अस्पताल में डॉ. संजीव कुमार (स्त्री रोग विशेषज्ञ) के नेतृत्व में शल्यक्रिया सफलतापूर्वक संपन्न की गई। ऑपरेशन के पश्चात मरीज की स्थिति सामान्य एवं संतोषजनक है।डॉ कुमार ने बताया कि इस शल्यक्रिया में निश्चेतक चिकित्सक डॉ. आनंद, ओटी सहायक मधुसूदन मरांडी एवं सिस्टर शशि का महत्वपूर्ण योगदान रहा।वहीं मरीज के पति श्री तर्केश्वर प्रसाद ने सफल उपचार के लिए जिला प्रशासन एवं सदर अस्पताल के प्रबंधन के प्रति आभार व्यक्त किया तथा डॉ. संजीव कुमार एवं पूरी चिकित्सकीय टीम को धन्यवाद दिया।उन्होंने कहा कि उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी श्री आदित्य रंजन के मार्गदर्शन में सदर अस्पताल लगातार गुणवत्तापूर्ण, सुरक्षित एवं सुलभ स्वास्थ्य सेवाएँ प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है।