धनबाद. बरवाअड्डा थाना क्षेत्र अंतर्गत मिश्रीडीह मोड़ में बीती रात एक सनसनीखेज डकैती की घटना ने पूरे इलाके को दहला दिया। आर्मी से रिटायर हवलदार कैलाश प्रसाद मिश्रा के घर को निशाना बनाते हुए हथियारबंद अपराधियों ने लाखों रुपये की लूट को अंजाम दिया। मिली जानकारी के अनुसार, करीब दस की संख्या में पहुंचे नकाबपोश अपराधी देर रात घर के पीछे से बांस की सीढ़ी के सहारे छत पर चढ़कर अंदर घुस गए। घर में दाखिल होते ही अपराधियों ने हथियार के बल पर बच्चों को बंधक बना लिया। बच्चों के सहम जाने से परिवार के अन्य सदस्य भी विरोध नहीं कर सके। इसके बाद बदमाशों ने पूरे घर की बारीकी से तलाशी ली और एक-एक कमरे को खंगाल डाला। अपराधियों ने करीब साढ़े तीन लाख रुपये नकद तथा लगभग बीस लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के गहनों की लूट कर ली। वारदात को अंजाम देने के बाद अपराधियों ने सबूत मिटाने के उद्देश्य से घर में लगे सीसीटीवी कैमरों को तोड़ दिया और डीवीआर भी अपने साथ ले गए। गृहस्वामी कैलाश प्रसाद मिश्रा ने बताया कि वे रात में भोजन के बाद छत पर सोने चले गए थे। उन्हें आशंका है कि अपराधियों ने कोई नशीला पदार्थ सुंघा दिया, जिसके कारण इतनी बड़ी घटना के बावजूद उनकी नींद नहीं खुली। घटना की सूचना रात करीब 2 बजे पुलिस को दी गई, लेकिन पुलिस सुबह लगभग साढ़े चार बजे मौके पर पहुंची। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और अपराधियों की पहचान के लिए आसपास के क्षेत्रों में छानबीन की जा रही है। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर स्थानीय लोगों में गहरी चिंता देखी जा रही है।