धनबाद। सदर अस्पताल परिसर के भीतर स्थित महत्वपूर्ण मार्ग को बंद किए जाने के विरोध में धनबाद बार एसोसिएशन गुरुवार से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चला गया है। अधिवक्ताओं के पेन डाउन के कारण धनबाद कोर्ट परिसर में सभी न्यायिक कार्य पूरी तरह ठप हो गए हैं, जिससे न्यायालय में आने वाले आम वादकारियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।बार एसोसिएशन के अनुसार सदर अस्पताल परिसर से होकर बार भवन तक आने-जाने वाला यह मार्ग वर्षों से अधिवक्ताओं के आवागमन और वाहन पार्किंग के लिए उपयोग में था। हाल ही में जिला प्रशासन द्वारा बाउंड्री वॉल का निर्माण कर इस रास्ते को पूरी तरह बंद कर दिया गया है। इससे न सिर्फ अधिवक्ताओं, बल्कि न्यायालय आने वाले आम नागरिकों, बुजुर्गों और महिलाओं को भी गंभीर असुविधा हो रही है।रास्ता बंद किए जाने के विरोध में बुधवार को धनबाद बार एसोसिएशन से जुड़े सभी अधिवक्ताओं ने कोर्ट परिसर से रणधीर वर्मा चौक तक जोरदार विरोध मार्च निकाला था। इस दौरान अधिवक्ताओं ने जिला प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए समस्या के शीघ्र समाधान की मांग की थी। हालांकि, विरोध के बावजूद अब तक प्रशासन की ओर से कोई ठोस पहल नहीं किए जाने से अधिवक्ताओं में आक्रोश और बढ़ गया।बार एसोसिएशन का कहना है कि बार भवन इसी मार्ग से सीधे जुड़ा हुआ है। रास्ता बंद होने के कारण अधिवक्ताओं को लंबा चक्कर लगाना पड़ रहा है, वहीं वादकारियों को पार्किंग और आवागमन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। एसोसिएशन ने आरोप लगाया कि इस मुद्दे को लेकर जिला प्रशासन से कई बार बातचीत की गई, लेकिन हर बार केवल आश्वासन ही मिला।इस संबंध में बार एसोसिएशन के महासचिव जितेंद्र कुमार ने स्पष्ट कहा कि अधिवक्ता हमेशा कानून व्यवस्था और प्रशासन का सहयोग करते आए हैं, लेकिन प्रशासन का रवैया निराशाजनक है। जब तक उक्त मार्ग को बहाल कर पार्किंग की स्थायी व्यवस्था नहीं की जाती, तब तक अनिश्चितकालीन हड़ताल जारी रहेगी।