धनबाद : नगर निगम ने शहर को अतिक्रमण मुक्त बनाने और यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने के उद्देश्य से सरायढेला थाना क्षेत्र अंतर्गत बिग बाजार के समीप अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। इस दौरान सड़क किनारे और फुटपाथ पर अवैध रूप से लगाई गई दुकानों व ठेलों को हटाया गया, जिससे लंबे समय से बनी जाम की समस्या से राहत मिलने की उम्मीद है।अभियान के दौरान किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए सरायढेला थाना की पुलिस और ट्रैफिक पुलिस की तैनाती की गई थी। पुलिस बल की मौजूदगी में पूरी कार्रवाई शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुई और यातायात भी नियंत्रित रहा।नगर निगम अधिकारियों ने बताया कि यह अभियान लगातार जारी रहेगा। अवैध अतिक्रमण के कारण न सिर्फ ट्रैफिक बाधित होता है, बल्कि पैदल चलने वालों को भी परेशानी होती है। इसी को ध्यान में रखते हुए शहर के विभिन्न हिस्सों में चरणबद्ध तरीके से कार्रवाई की जाएगी।अधिकारियों ने कहा कि धनबाद को स्वच्छ, सुंदर और सुव्यवस्थित बनाने के लिए नगर निगम प्रतिबद्ध है। साथ ही आम लोगों से अपील की गई है कि वे अतिक्रमण न करें और शहर को जाम व अव्यवस्था से मुक्त रखने में प्रशासन का सहयोग करें।