देवघर। मोहनपुर थाना में नवपदस्थापित थाना प्रभारी सालो हेम्ब्रम से गुरुवार को प्रतिनिधिमंडल ने शिष्टाचार मुलाकात की और उनके मोहनपुर आगमन पर स्वागत किया। इस दौरान थाना परिसर में सौहार्दपूर्ण माहौल के बीच क्षेत्र की सुरक्षा, शांति व्यवस्था और जनहित से जुड़े मुद्दों पर विस्तार से बातचीत हुई। प्रतिनिधिमंडल ने थाना प्रभारी से इलाके में बढ़ती छोटी-बड़ी आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण की आवश्यकता पर ध्यान आकृष्ट कराया। साथ ही आम नागरिकों की सुरक्षा और त्वरित पुलिस कार्रवाई को लेकर भी अपेक्षाएं व्यक्त की गईं। थाना प्रभारी ने भरोसा दिलाया कि कानून-व्यवस्था बनाए रखना उनकी प्राथमिकता होगी और हर शिकायत पर गंभीरता से कार्रवाई की जाएगी। जानकारी के अनुसार, सालो हेम्ब्रम इससे पहले पथरड्डा और पालाजोरी थाना में प्रभारी के रूप में कार्य कर चुके हैं। अपने पूर्व अनुभव के आधार पर उनसे मोहनपुर क्षेत्र में बेहतर पुलिसिंग की उम्मीद जताई जा रही है।मुलाकात के दौरान आपसी समन्वय को मजबूत करने पर सहमति बनी, ताकि क्षेत्र में शांति और सुरक्षा का माहौल कायम रखा जा सके।