देवघर। साइबर अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत देवघर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस अधीक्षक सौरभ के आदेश पर और पुलिस उपाधीक्षक राजा कुमार मित्रा के निर्देशन में 5 जनवरी 2026 को पथरड्डा ओपी, सारठ थाना क्षेत्र के सुराभूरा जंगल में छापेमारी कर पांच साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया गया।पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ युवक जंगल में बैठकर फर्जी बैंक, कस्टमर केयर और सरकारी पदाधिकारी बनकर लोगों से ऑनलाइन ठगी कर रहे हैं। छापेमारी के दौरान पकड़े गए आरोपियों के मोबाइल और सिम की जांच में खुलासा हुआ कि ये लोग PhonePe यूजर्स को कैशबैक का झांसा देकर, PM किसान योजना के नाम पर फर्जी लिंक भेजकर तथा Airtel Payment Bank से जुड़ी मदद के बहाने लोगों को ठगते थे।गिरफ्तार आरोपियों में देवानंद कुमार दास, बिमल कुमार, यूमन दास, अरुण दास और सूरज कुमार दास शामिल हैं। सभी देवघर जिले के अलग–अलग थाना क्षेत्रों के रहने वाले हैं। इनके पास से पांच मोबाइल फोन और छह सिम कार्ड बरामद किए गए हैं।छापामारी में साइबर थाना के पुलिस निरीक्षक त्रिलोचन तामसोय, सहायक अवर निरीक्षक सूरज कुमार और पथरड्डा ओपी की पुलिस टीम शामिल रही। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी फर्जी कॉल, लिंक या कैशबैक ऑफर से सतर्क रहें और संदेह होने पर तुरंत पुलिस को सूचना दें।