देवघर : समाहरणालय में गुरुवार को चौकीदार और होमगार्ड भर्ती को लेकर समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता डीसी नमन प्रियेश लकड़ा ने की। बैठक में जिले में रिक्त पदों पर भर्ती प्रक्रिया की समीक्षा की गई और सभी संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट दिशा-निर्देश दिए गए।डीसी ने भर्ती प्रक्रिया को पारदर्शी और समयबद्ध बनाने पर जोर दिया। आवेदन प्रक्रिया, स्क्रूटनी, भौतिक सत्यापन और अन्य सभी चरणों के लिए स्पष्ट समय-सीमा तय की गई। उन्होंने सभी चरणों को समय पर पूरा करने का निर्देश दिया, ताकि किसी भी प्रकार की देरी या गड़बड़ी न हो।शारीरिक दक्षता परीक्षा में सटीकता और पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए आरएफआईडी तकनीक का उपयोग किया जाएगा। इसके जरिए अभ्यर्थियों की दौड़ और अन्य शारीरिक गतिविधियों का डेटा डिजिटल रूप में सुरक्षित रखा जाएगा, जिससे त्रुटि या विवाद की संभावना कम होगी।बैठक में बताया गया कि चौकीदार के रिक्त पदों पर भर्ती प्रक्रिया जारी है। बैकलॉग पदों पर सीधी नियुक्ति के लिए अधिसूचना (विज्ञापन संख्या 01/2024) पहले ही जारी की जा चुकी है। भर्ती प्रक्रिया में उच्च न्यायालय के निर्देशों का अनुपालन सुनिश्चित किया जा रहा है।अधिकारियों को आवेदन प्राप्त करने से लेकर अंतिम चयन तक पूरी प्रक्रिया को सुव्यवस्थित रखने की जिम्मेदारी दी गई। बैठक में उप विकास आयुक्त, अपर समाहर्ता, अनुमंडल पदाधिकारी मधुपुर, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, जिला परिवहन पदाधिकारी, जिला भूअर्जन पदाधिकारी, जिला कल्याण पदाधिकारी और होमगार्ड कमांडेंट सहित अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।