देवघर। नगर थाना क्षेत्र के शिक्षा सभा चौक के पास मंगलवार शाम पुलिस ने त्वरित कार्रवाई कर एक बड़ी आपराधिक घटना को नाकाम कर दिया। अवैध हथियार के साथ दो युवकों को गिरफ्तार किया गया है। उनके पास से एक पिस्टल, दो जिंदा कारतूस, बुलेट मोटरसाइकिल संख्या जेएच-15एजे-9678 और दो मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। सदर एसडीपीओ अशोक कुमार सिंह ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि 28 जनवरी की रात करीब 7 बजकर 40 मिनट पर नगर थाना प्रभारी को गुप्त सूचना मिली थी कि बाबा परिहस्त गिरोह से जुड़े दो सक्रिय सदस्य शिक्षा सभा चौक के आसपास किसी बड़ी वारदात की फिराक में हैं। सूचना के बाद वरीय अधिकारियों के निर्देश पर विशेष टीम गठित कर छापेमारी की गई। पुलिस ने घेराबंदी कर मौके से दोनों को दबोच लिया। गिरफ्तार अभियुक्तों में अंकित जोशी, उम्र 30 वर्ष, निवासी हरि किशुन साह लेन, सनवेल बाजार पेडा गली और अनन्य वत्स, उम्र 20 वर्ष, निवासी मंदिर मोड़, शिक्षा सभा चौक शामिल हैं। दोनों से पूछताछ जारी है।छापामारी दल में नगर थाना के सह थाना प्रभारी राजीव कुमार समेत कई पुलिसकर्मी शामिल थे। पुलिस के अनुसार समय रहते कार्रवाई से इलाके में बड़ी वारदात टल गई।