बलियापुर : धनबाद: बेलगड़िया टाउनशिप में गुरुवार शाम उपायुक्त आदित्य रंजन और एसएसपी प्रभात कुमार ने संयुक्त रूप से प्रशासनिक तैयारियों और विभिन्न विकास कार्यों का व्यापक निरीक्षण किया। इस दौरान सिटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव, JRDA अधिकारी, बलियापुर थाना प्रभारी सुमित समेत अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित थे। टीम ने JRDA के नए कार्यालय, बेलगड़िया TOP/ओपी थाना और मिडिल स्कूल का बारीकी से निरीक्षण किया।उपायुक्त आदित्य रंजन ने बताया कि यहां लोगों का शिफ्टिंग कार्य तो जारी है, लेकिन प्राथमिकता बेहतर सुविधाओं के निर्माण पर दी जा रही है। उन्होंने कहा कि लंबे समय से चली आ रही सफाई, जल संकट, दुकान आवंटन, स्कूल की खराब स्थिति और JRDA कार्यालय की कमी जैसी समस्याओं का समाधान तेजी से किया जा रहा है। बेलगड़िया के फेस 4 और 5 के अधूरे प्रोजेक्ट को पूर्ण रूप से पूरा करने में भी तेजी लाई जा रही है।आदित्य रंजन ने बताया कि यह परियोजना भारत सरकार की ओर से चुनी गई “वन ऑफ द मोस्ट प्राइम प्रोजेक्ट्स” में से एक है और राज्य सरकार JMP 2.0 के तहत यहां के नागरिकों तक सभी सुविधाएं पहुंचाने में जुटी हुई है। उन्होंने यह भी कहा कि पिछले 4-5 महीनों में मिडिल स्कूल को मॉडल स्कूल बनाया जा रहा है, JRDA का नया ऑफिस शुरू हो रहा है, और बेलगड़िया में TOP/ओपी थाना स्थापित करने की प्रक्रिया तेज हो गई है। इसके अलावा, दो नए अस्पताल भी बन रहे हैं, जिनमें से एक 40 बेड का पीएचसी लगभग तैयार है। ये परियोजनाएं DMFT और राज्य सरकार के संयुक्त सहयोग से संचालित की जा रही हैं।एसएसपी प्रभात कुमार ने बताया कि अब तक लगभग 3000 परिवार टाउनशिप में शिफ्ट हो चुके हैं और आगे 15-16 हजार परिवारों को लाया जाएगा। इतनी बड़ी आबादी को देखते हुए पुलिस की स्थायी उपस्थिति अत्यंत आवश्यक है। इसी लक्ष्य को ध्यान में रखते हुए बेलगड़िया में 24×7 सेवा देने वाला TOP/ओपी थाना शुरू किया जाएगा, जो टाउनशिप में कानून व्यवस्था, सुरक्षा और जनसमस्याओं के समाधान की जिम्मेदारी निभाएगा।