झरिया : 23 फरवरी को होने वाले मतदान दिवस को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। इसी कड़ी में धनबाद के उपायुक्त और एसएसपी ने सोमवार को झरिया क्षेत्र के विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया।निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने झरिया स्थित किड्स गार्डन स्कूल और आईएसएल स्कूल में बनाए गए बूथों का जायजा लिया। इस दौरान वहां मौजूद फोल्डिंग एजेंट से भी आवश्यक जानकारी ली गई और मतदान की तैयारियों की स्थिति की समीक्षा की गई।प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि संवेदनशील और अतिसंवेदनशील बूथों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। सभी ऐसे बूथों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं।निर्देश के अनुसार, मतदान केंद्र से 200 मीटर की दूरी के भीतर किसी भी प्रत्याशी के कार्यकर्ताओं को रहने की अनुमति नहीं होगी। इसके अलावा मतदान प्रक्रिया पर नजर रखने के लिए सीसीटीवी कैमरों की भी व्यवस्था की गई है।प्रशासन ने कहा है कि निष्पक्ष और शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करना उनकी प्राथमिकता है और इसके लिए हर जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं।