गिरिडीह. गिरिडीह के एसपी डॉ. बिमल कुमार को मिली गुप्त सूचना के आधार पर गांडेय थाना क्षेत्र अंतर्गत धोबिया मोड़ के पास खम्हाटांड़ गांव के समीप जंगल में संचालित साइबर ठगी गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है. पुलिस ने साइबर अपराध करने वाले दो शातिर अपराधियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है. जिन दो अपराधियों को गिरफ्तार किया गया है अमजद अंसारी बनरसिंही, थाना- मारगोमुंडा, देवघर और रजाउल अंसारी (उम्र करीब 40 वर्ष), बनरसिंही, थाना- मारगोमुंडा, देवघर शामिल है. इन दोनों के पास से पुलिस ने 06 मोबाइल फोन, 4 सिमकार्ड और एक बाइक जब्त किया है. उक्त आशय की जानकारी साइबर डीएसपी आबिद खान ने प्रेसवार्ता कर दी. उन्होंने बताया कि एसपी डॉ. बिमल कुमार को मिली गुप्त सूचना के बाद साइबर थाना प्रभारी दिनेश कुमार के नेतृत्व में एक विशेष छापामारी दल का गठन किया गया. टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मौके से दो साइबर अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया. गिरफ्तार अभियुक्तों ने पूछताछ में स्वीकार किया कि वे व्हाट्सएप के माध्यम से फर्जी APK फाइल जैसे RTO e-challan, RTO challan check now और IndusInd Bank e-KYC update के नाम पर लिंक भेजकर लोगों को ठगी का शिकार बनाते थे. साइबर डीएसपी आबिद खान ने जानकारी देते हुए बताया कि इस मामले में साइबर थाना कांड संख्या-10/2026 दिनांक 29.03.2026 को दर्ज कर लिया गया है और आगे की जांच जारी है. छापामारी दल में दिनेश कुमार, साइबर थाना प्रभारी गिरिडीह, पुनीत कुमार गौतम, साइबर थाना गुंजन कुमार, साइबर थाना संजय मुखियार, साइबर थाना पुलिस लाइन से सशस्त्र बल गांडेय थाना का चौकीदार शामिल थे.