दुमका: संथाल परगना प्रमंडल अंतर्गत दुमका में एक महत्वपूर्ण प्रशासनिक निर्णय लेते हुए प्रमंडलीय उप निदेशक, कल्याण कार्यालय द्वारा जिला अनुकम्पा समिति, दुमका की बैठक में लिए गए निर्णय एवं जिला समाज कल्याण पदाधिकारी की अनुशंसा के आलोक में सुश्री रिंकी कुमारी को अनुकम्पा के आधार पर नियुक्ति प्रदान की गई है।सुश्री रिंकी कुमारी ग्राम–खुट्टाबांध रोड डंगाल पाड़ा, पो०–दुमका, थाना–दुमका नगर, जिला–दुमका की निवासी हैं। उनके दिवंगत पिता स्वर्गीय कमला राम पथ प्रमंडल दुमका में रात्रि प्रहरी के पद पर कार्यरत थे। 08 अगस्त 2020 को उनके आकस्मिक निधन के बाद परिवार की आर्थिक स्थिति को ध्यान में रखते हुए राज्य सरकार की अनुकम्पा नियुक्ति नीति के तहत यह नियुक्ति प्रदान की गई है।उन्हें निम्नवर्गीय लिपिक के पद पर नियुक्त करते हुए बाल विकास परियोजना कार्यालय, सरैयाहाट में पदस्थापित किया गया है। नियुक्ति के तहत उन्हें राज्य सरकार द्वारा स्वीकृत वेतनमान ₹5200–20200 (ग्रेड पे ₹1900, पे लेवल–2) के अनुरूप नियमानुसार वेतन देय होगा।इस संबंध में प्रमंडलीय आयुक्त, संथाल परगना प्रमंडल, संजय कुमार ने कहा कि अनुकम्पा नियुक्ति सामाजिक न्याय एवं प्रशासनिक संवेदनशीलता का सशक्त उदाहरण है। यह निर्णय सुनिश्चित करता है कि दिवंगत कर्मियों के आश्रितों को कठिन परिस्थितियों में जीवनयापन हेतु आवश्यक संबल मिल सके। उन्होंने कहा कि यह पहल सरकार की मानवीय सोच और कर्मचारी हितैषी नीति को भी प्रतिबिंबित करती है।