चिरकुंडा : नगर परिषद चुनाव को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराने के लिए प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद हो गया है। 23 तारीख को होने वाले मतदान को देखते हुए क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।निरसा अनुमंडल के एसडीपीओ रजत मानिक बाखला के नेतृत्व में पुलिस और प्रशासन की संयुक्त टीम ने चिरकुंडा नगर परिषद के विभिन्न वार्डों और संवेदनशील बूथों पर फ्लैग मार्च किया। इस दौरान भारी पुलिस बल, थाना प्रभारी और अधिकारी मौजूद रहे।फ्लैग मार्च का उद्देश्य आम जनता में सुरक्षा का विश्वास जगाना और असामाजिक तत्वों को सख्त संदेश देना था। बाजार, मुख्य चौक-चौराहों और संवेदनशील इलाकों में पैदल गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया गया।मीडिया से बातचीत में एसडीपीओ रजत मानिक बाखला ने कहा,”चुनाव की तैयारियाँ अंतिम चरण में हैं। सभी बूथों का बारीकी से निरीक्षण कर लिया गया है। प्रशासन हर परिस्थिति से निपटने के लिए तैयार है। हमारा प्रयास है कि मतदाता बिना किसी भय और दबाव के अपने मताधिकार का प्रयोग करें।”प्रशासन की सक्रियता से क्षेत्र में चुनाव को लेकर भरोसे का माहौल बना है और मतदाता शांतिपूर्ण मतदान के लिए आश्वस्त नजर आ रहे हैं।