बोकारो पुलिस ने कुख्यात चोर को बड़ी वारदात को अंजाम देने से पहले ही धर दबोचा है। पुलिस अधीक्षक हरविंदर सिंह को 5 जनवरी को गुप्त सूचना मिली थी कि शहर का कुख्यात चोर बबलु राम उर्फ भाटिया किसी बड़ी चोरी की घटना को अंजाम देने की फिराक में बोकारो शहर में घूम रहा है। सूचना के आधार पर एसपी के निर्देश पर नगर डीएसपी आलोक रंजन के नेतृत्व में विशेष छापामारी दल का गठन किया गया।#छापामारी दल ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कोर्ट परिसर के बाहर घूम रहे बबलु राम उर्फ भाटिया को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने शहर में हुई कई चोरी की घटनाओं में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने चोरी का सामान भी बरामद किया है।#गिरफ्तार आरोपी की कथारा निवासी पहचान 30 वर्षीय बबलु राम उर्फ भाटिया के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके पास से लेनोवो कंपनी का एक लैपटॉप, उसका चार्जर, करीब एक किलोग्राम वजन की चांदी की नौ जोड़ी पायल तथा ताला व अलमीरा तोड़ने में प्रयुक्त लोहे का औजार जब्त किया है।#लंबा आपराधिक इतिहास पुलिस के अनुसार, बबलु राम का आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ चंद्रपुरा, बीएस सिटी, दुग्दा, बीटीपीएस और पिड्राजोरा थाना क्षेत्रों में चोरी सहित अन्य गंभीर धाराओं में कई मामले दर्ज हैं। हाल के दिनों में भी उसके खिलाफ बीएस सिटी थाना में केस दर्ज किया गया था। पुलिस आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजने की तैयारी कर रही है और उससे जुड़े अन्य मामलों की जांच भी की जा रही है।