बोकारो : रामगढ़-बोकारो मुख्य मार्ग पर एक दर्दनाक सड़क हादसे में नवविवाहित दंपत्ति की मौ*त हो गई। यह हादसा मारंगमरचा स्थित लाइन होटल के पास हुआ, जहां एक तेज रफ्तार ट्रेलर ने बाइक सवार पति-पत्नी को कुचल दिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।मृतकों की पहचान पेटरवार थाना क्षेत्र के चांदो गांव निवासी 29 वर्षीय गौतम नायक और उनकी 25 वर्षीय पत्नी काजल देवी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि दोनों रामगढ़ से अपने पैतृक गांव चांदो लौट रहे थे, तभी पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रेलर ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया।हादसे के बाद ट्रेलर चालक मौके से फरार हो गया, जिससे इलाके में आक्रोश का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही रजरप्पा थाना प्रभारी कृष्ण कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। दुर्घटनाग्रस्त बाइक को भी जब्त कर थाने ले जाया गया है।यह घटना एक बार फिर सड़क सुरक्षा और तेज रफ्तार वाहनों के खतरे को उजागर करती है, जिसने एक नवविवाहित जोड़े की जिंदगी को पलभर में खत्म कर दिया।