#बोकारो पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 145 पेटी शराब बरामद की है। पुलिस अधीक्षक, बोकारो को गुप्त सूचना मिली कि एक पिकअप चारपहिया वाहन में भारी मात्रा में अवैध शराब ले जाई जा रही है। सूचना के सत्यापन व कार्रवाई के लिए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, चास के नेतृत्व में विशेष छापामारी दल का गठन किया गया।#छापामारी दल ने मिर्धा चेकनाका के पास सघन वाहन जांच शुरू की। इसी दौरान पिण्ड्राजोरा की ओर से तेज गति से आ रहे सफेद रंग के पिकअप (संख्या- झ05डीएफ-9463) को रोकने का इशारा किया गया। पुलिस को देखकर चालक वाहन सड़क पर खड़ा कर फरार होने लगा, जिसे पीछा कर दबोच लिया गया।#वाहन की तलाशी लेने पर 145 पेटी अवैध शराब बरामद की गई। प्रत्येक पेटी में 750 एमएल की 12 बोतलें थीं, जिन पर ‘प्रीमियम व्हिस्की फॉर सेल इन हरियाणा ओनली’ का स्टीकर लगा पाया गया। पकड़े गए अभियुक्त की पहचान रितेश प्रधान (30 वर्ष), जिला पूर्वी सिंहभूम निवासी के रूप में हुई है।#पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। छापामारी दल में चास अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सहित पिण्ड्राजोरा थाना के कई पुलिस पदाधिकारी व कर्मी शामिल थे।