पूर्वोत्तर रेलवे ने बनारस रेलवे स्टेशन के अल्फाबेटिकल स्टेशन कोड में बड़ा बदलाव किया है। अब तक उपयोग में रहे कोड “BSBS” को बदलकर नया स्टेशन कोड “BNRS” निर्धारित किया गया है। यह परिवर्तन 1 दिसम्बर 2025 से प्रभावी होगा।बनारस रेलवे स्टेशन से यात्रा करने वाले यात्रियों को अब टिकट बुकिंग—चाहे वह यात्री आरक्षण केंद्र हो, नेशनल ट्रेन इन्क्वायरी सिस्टम या IRCTC वेबसाइट—सभी जगह BSBS की जगह BNRS दर्ज करना होगा।यह वही स्टेशन है जिसका नाम 15 जुलाई 2021 को मंडुआडीह से बदलकर “बनारस” किया गया था। भारतीय संस्कृति की झलक को और सशक्त बनाने के लिए स्टेशन नामपट्ट में हिंदी, अंग्रेजी, उर्दू के साथ संस्कृत में ‘बनारसः’ भी अंकित किया गया, जो प्राचीन काशी की आत्मा को दर्शाता है।नव-पुनर्निर्मित बनारस रेलवे स्टेशन अपनी भव्यता और आधुनिक सुविधाओं के कारण किसी हवाई अड्डे जैसा प्रतीत होता है। विशाल प्रतीक्षालय, उच्च श्रेणी विश्रामालय, एस्केलेटर, लिफ्ट, फूड प्लाज़ा, कैफ़ेटेरिया, VIP लाउंज, पार्किंग, आधुनिक आरक्षण कार्यालय, सेल्फी प्वाइंट, राष्ट्रीय ध्वज, नैरो गेज इंजन, स्वच्छ सर्कुलेटिंग एरिया, एयर-कंडीशंड लाउंज, डॉर्मिटरी—ये सभी सुविधाएं इसे विश्वस्तरीय स्टेशन बनाती हैं।स्टेशन परिसर की वास्तुकला काशी की आस्था और परंपरा का अद्वितीय संगम प्रस्तुत करती है। फव्वारों और बैठने की सुंदर व्यवस्थाओं के साथ यह स्टेशन यात्रियों के लिए एक आरामदायक और आधुनिक अनुभव प्रदान करता है