धनबाद: धनबाद नगर निगम को नया नेतृत्व मिल गया है। झारखंड कैडर के 2021 बैच के IAS अधिकारी आशीष गंगवार को धनबाद का नया नगर आयुक्त नियुक्त किया गया है। वे वर्तमान नगर आयुक्त रविराज गुप्ता का स्थान लेंगे। प्रशासनिक हलकों में इस नियुक्ति को युवा नेतृत्व और प्रभावी प्रशासन की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। जानकारी के अनुसार 20 सितंबर 1993 को जन्मे आशीष गंगवार मूल रूप से उत्तर प्रदेश के निवासी हैं। उन्होंने संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की सिविल सेवा परीक्षा में 519वीं रैंक प्राप्त कर भारतीय प्रशासनिक सेवा में प्रवेश किया और अपने जिले व परिवार का नाम रोशन किया। जानकारी के अनुसार आशीष गंगवार ने भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (IIT) दिल्ली से एम.टेक. की डिग्री प्राप्त की है। प्रशासनिक सेवा में आने से पूर्व वे शैक्षणिक और तकनीकी क्षेत्र में सक्रिय रहे हैं। IAS बनने से पहले वे पलामू जिले के छतरपुर अनुमंडल में एसडीओ के रूप में कार्यरत थे, जहां उनकी कार्यशैली, अनुशासन और जन-संवेदनशील फैसलों की व्यापक सराहना हुई। नगर आयुक्त के रूप में उनकी नियुक्ति से धनबाद शहर में शहरी विकास, स्वच्छता व्यवस्था, नागरिक सुविधाएं, डिजिटल गवर्नेंस और पारदर्शी प्रशासन को नई गति मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। युवा दृष्टिकोण के कारण नगर निगम की कार्यप्रणाली को अधिक सुदृढ़ और जनोन्मुख बनाने की अपेक्षा की जा रही है। वहीं, निवर्तमान नगर आयुक्त रविराज गुप्ता के कार्यकाल को भी उल्लेखनीय माना जाता है, जिनके नेतृत्व में नगर निगम ने कई विकासात्मक योजनाओं को धरातल पर उतारा. प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार, आशीष गंगवार शीघ्र ही धनबाद नगर आयुक्त का औपचारिक रूप से पदभार ग्रहण करेंगे, जिससे शहर के विकास को नई दिशा मिलने की संभावना है।